लुधियाना की 12 फैक्ट्रियों ने शुरू किया पीपीई किट बनाने का काम, 216 करोड़ रुपए की करीब 9 लाख किट्स का ऑर्डर
लुधियाना. (प्रजातंत्र शक्ति,जतिंदर टंडन) उत्तर भारत की सबसे बड़ी इंडस्ट्रियल सिटी लुधियाना की 12 फैक्ट्रियों ने आज से पीपीई किट का प्रोडक्शन शुरू कर दिया है। अब तक इन्हें केंद्र व राज्यों सरकारों की ओर से 216 करोड़ रुपए की करीब 9 लाख पीपीई किट बनाने का ऑर्डर मिल चुका है। पंजाब में 17 कंपनियों को पीपीई किट बनाने की मंजूरी मिली है। इनमें 15 लुधियाना की हैं। यहां की 3 कंपनियों का एन-95 मास्क बनाने की भी मंजूरी मिल चुकी है। इन्हें भी जल्द ही केंद्र से ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। वहीं, लुधियाना की ही 100 से अधिक कंपनियां ने पीपीई किट बनाने की मंजूरी को आवेदन किया हुआ है।
टेक्सटाइल, होजरी, साइकिल, ऑटो पाट्र्स जैसे उद्योगों में अपना वर्चस्व स्थापित करने के बाद लुधियाना की इडस्ट्री कोरोना के खिलाफ जंग में बेहद जरूरी उपकरण बनाने में आगे आई है। मेक इन पंजाब, मेक इन इंडिया के दिशा में यह एक क्रांतिकारी कदम साबित हो सकता है। गौर हो कि पीपीई किट री-यूज़ेबल और सिंगल यूज, दो तरह की होती हैं। इनकी कीमत 400 रुपए से लेकर 1500 रुपए तक है।
Viewers: 36144